गोंडा। नगर पालिका के बजट आवंटन में वार्डों की अनदेखी से सभासदों के आक्रोश पर चेयरमैन उज्मा राशिद ने कदम पीछे खींच लिए। उन्होंने शुक्रवार को शुरू होने के एक घंटे पहले ही बोर्ड की बैठक निरस्त कर दी। चेयरमैन ने कहा कि जल्द ही बैठक की नई तिथि तय की जाएगी।
बैठक निरस्त होने से शहर के विकास के छह करोड़ 39 लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी नहीं मिल सकी।विकास योजनाओं में गुड्डूमल चौराहे से गुरुनानक चौक तक 1.30 करोड़ का बजट दिया। पटेलनगर पूर्वी में 55.45 लाख से सीसी रोड व नाली मरम्मत का कार्य तय हुआ। अन्य वार्डों में दस लाख से कम के कार्य ही तय किए गए थे। इससे सभासदों में नाराजगी थी, उनका कहना है कि बजट के आधार विकास कार्य तय करने में असंतुलन है। फिलहाल अधिशासी अधिकारी संजय मिश्र ने बताया कि पालिकाध्यक्ष उज्मा राशिद की ओर से जारी आदेश के अनुसार अपरिहार्य कारणों से बोर्ड की बैठक निरस्त की गई है। जबकि सभासद फहीम सिद्दीकी का आरोप है कि एक तरफ तो नाली और गली बनाने के लिए पैसा नहीं है। दूसरी ओर एक ही वार्ड में डेढ़ करोड़ खर्च कर सुंदरीकरण कराया जाना फिजूलखर्ची है। सभासद अनूप श्रीवास्तव, प्रकाश मित्र आर्य, अब्दुल्ला अंसारी, अलंकार सिंह व अन्य ने एजेंडे को अव्यवहारिक बताया है।