गोंडा। इटियाथोक में भाजपा नेता को रजिस्टर्ड डाक से पत्र भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ग्राम दरियापुर हरदोपट्टी निवासी राजकुमार दूबे भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति के सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि दो अगस्त को रजिस्टर्ड डाक से मिले पत्र में उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस को तहरीर के साथ ही धमकी भरा पत्र व लिफाफा सौंपा गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।