गोंडा में आचार्य बालकृष्ण की फेसबुक पोस्ट। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। पतंजलि उत्पादों की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर पतंजलि के प्रबंध निदेशक आचार्य बाल कृष्ण ने पलटवार किया है। आचार्य ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर सांसद बृजभूषण को जल्द ही कानून के दायरे में रहकर जवाब दिए जाने की नसीहत दे डाली। कहा कि महर्षि पतंजलि की आड़ लेकर ढोंग किया जा रहा है।
बता दें कि भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पिछले कई दिनों से पतंजलि के उत्पादों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने पतंजलि ब्रांड के देशी-घी, टूथपेस्ट व अन्य उत्पादों के गुणवत्ता पर सवाल उठाने के बाद महर्षि पतंजलि के नाम का उपयोग करने पर आपत्ति दर्ज कराई थी। सांसद के हमले का पटलवार करते हुए पतंजलि के प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण ने शुक्रवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर जवाब दिए जाने की बात कही।
आचार्य बाल कृष्ण ने सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि सज्जनता के संवाद को नहीं समझने वाले तथा अनर्गल प्रलाप व बयानबाजी करने वाले हैं। वह कभी घी पर तो कभी टूथपेस्ट पर खटराग अलाप रहे हैं। महर्षि पतंजलि की आड़ लेकर जो ढोंग रचा रहे हैं, उसका उत्तर जल्द ही संविधान व कानून की मर्यादा में रहकर दिया जाएगा।