गोंडा। जिले के बिरवा बभनी और रुद्रगढ़नौसी पंचायतों की गोशाला में बायोगैस प्लांट स्थापित करने की स्वीकृति शुक्रवार को जिलाधिकारी ने दे दी। बीते दिनों जिले में बायोगैस प्लांट के लिए गोशालाओं का सर्वे हुआ था। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने दो ग्राम पंचायतों में प्लांट स्थापित करने की हरी झंडी दी और कहा कि तेजी से कार्य पूरे कराए जाएं।
गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन ने यह पहल की है। बैठक में डीपीआरओ लालजी दूबे ने रिपोर्ट प्रस्तुत किया। डीएम ने कहा कि दो ग्राम पंचायतों की गोशालाओं में प्लांट लगाए जाएं, इससे तैयार किए जाने वाले बायोगैस का प्रयोग गोशाला में ही पहले किया जाएगा, जरूरत पड़ने पर आसपास के गावों के लोगों को बायोगैस आपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने ओडीएफ प्लस में चयनित 72 पंचायतों के कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। ढिलाई बरतने वाली ग्राम पंचायतों की रिपोर्ट डीपीआरओ से मांगी है।
जल जीवन मिशन के कार्य पूरे करने पर जोर
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में जलजीवन मिशन की समीक्षा किया। बैठक में जल जीवन मिशन से चल रही समस्त परियोजनाओं को समय से पूरे करने पर जोर दिया। कार्यदायी संस्था एलएंडटी, लोक सेवा मिशन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं के प्रगति के संबंध में समय-समय पर उन्हें भी अवगत कराएं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एम. अरून्मौली, जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी व एक्सईएन जल निगम गणेश प्रसाद रहे।
अधिक से अधिक आवेदनों को स्वीकृत करें बैंक अधिकारी : डीएम
जिला स्तरीय सलाहकार एवं बैंकर्स समिति की समीक्षा डीएम ने की। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के लिए आवेदन करने वालों को बैंक परेशान न करें। अधिक से अधिक आवेदन स्वीकृत करें।
सभी बैंकर्स के पदाधिकारी एवं कृषि विभाग, उद्यान विभाग, डूडा विभाग, केसीसी, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, साइन अप इंडिया योजना, केसीसी रिन्यूअल, प्रीमियम, इंश्योरेंस, पीएमईजीपी योजना, माटीकला योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एनआरएलएम विभाग, पीएम स्वानिधी योजना योजनाओं के आवेदनों की जानकारी किया।
बैठक में नाबार्ड विभाग से संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में जिला अग्रणी बैंक अधिकारी अभिषेक रघुवंशी, डीसी एनआरएलएम दिनकर विद्यार्थी, जिला मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य इंद्रजीत सिंह रहे।