बेलसर (गोंडा )। विकासखंड बेलसर सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी मेंबर) ने विकास कार्य से संबंधित प्रस्ताव रखे। 14 करोड़ की 36 कार्य योजनाएं पास कर दी गईं। मुख्य अतिथि विधायक प्रेम नरायन पांडेय ने बैठक की शुरुआत की। बैठक में बिजली विभाग, एसडीएम, तहसीलदार, वन विभाग, कृषि विभाग के प्रतिनिधि के न पहुंचने पर निंदा प्रस्ताव पास किया गया।
ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह ‘गुड्डू’ ने विधायक प्रेम नरायन पांडेय को प्राक्कलन समिति का सदस्य बनाए जाने का स्वागत किया। उन्होंने विकासखंड में नि:शुल्क बोरिंग, सामूहिक विवाह, अधूरे कार्य को त्वरित गति से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सदस्यों ने चंदर के घर से रघुनाथ के घर तक 250 मीटर खड़ंजा कार्य, पुजारी मौर्य के घर से नंद किशोर के घर तक 200 मीटर इंटर लाकिंग कार्य, बिंधी के घर से लल्लन के मंदिर तक 200 मीटर इंटर लाकिंग कार्य, राज कपूर के घर से विक्रमजीत के घर तक 200 मीटर इंटर लाकिंग कार्य, चंद्र शेखर के घर से करिया के घर तक 120 मीटर नाली निर्माण कार्य समेत अन्य प्रस्ताव रखे। सदस्यों की सहमति से प्रस्तावित 36 कार्ययोजनाओं पर चर्चा हुई।
इस दौरान संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश तिवारी ने किया। बैठक में खंड विकास अधिकारी विजयकांत मिश्र, जिला पंचायत सदस्य रविंद्र पांडेय, अजीत सिंह, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।