कटरा बाजार (गोंडा)। इंडियन बैंक शाखा कटुवानाला के बीसी संचालक के बेटे ने ग्राहकों के साथ फ्राॅड कर एप के माध्यम से 15 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने सहायक महाप्रबंधक की तहरीर पर बीसी संचालक के पुत्र पर हेराफेरी का केस दर्ज कर लिया है। शाखा प्रबंधक की लापरवाही सामने आने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
मामला थाना क्षेत्र कौड़िया के इंडियन बैंक कटुवानाला का है। जहां बैंक से संबद्ध बीसी संचालक बृजेश तिवारी के पुत्र सत्यम तिवारी ने एप के माध्यम से क्षेत्र के शहनुमा, कनकराम, बुधराम, ताकीजा व नूरबानो के खाते से लगभग 15 लाख रुपये से अधिक निकाल लिया। ग्राहकों को जब अपने खाते से पैसा निकल जाने की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी शिकायत शाखा प्रबंधक सहित जिले के अन्य अधिकारियों से की। बैंक के सहायक महाप्रबंधक हेमंत मिश्रा ने कौड़िया थाने में पैसो की हेराफेरी का मुकदमा बीसी संचालक के पुत्र सत्यम तिवारी के विरूद्ध दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि शाखा प्रंबधक सुमन सौरभ की लापरवाही मिलने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है।