मोतीगंज (गोंडा)। क्षेत्र के ग्राम बीरेपुर के मजरे चैनपुरवा गांव में तालाब में नहाते समय डूबने से युवक की मौत हो गई। ग्राम प्रधान रघुराज वर्मा ने बताया कि अखिलेश वर्मा (35) मथुरा जिले में केनरा बैंक में फील्ड अफसर के पद पर तैनात था। एक दिन पहले ही वह घर आया था।
अखिलेश मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे घर के समीप स्थित तालाब में नहाने के लिए चला गया। नहाते समय गहरे पानी में चला गया। साथ में नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया तो लोग दौड़कर आए और युवक को पानी से बाहर निकाला। उसकी हालत नाजुक देखकर आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक का शव नगर कोतवाली पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि घटना की सूचना नहीं मिली है।
वहीं, मोतीगंज बीरेपुर के चैनपुरवा गांव निवासी अखिलेश वर्मा की मौत की सूचना मिलते पूरे गांव में मातम छा गया। छोटा भाई रेलवे में नौकरी करता है। पिता कृषि विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। अखिलेश के निधन पर लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। (संवाद)