परसपुर। आगामी कांवड़ यात्रा और चेहल्लुम को लेकर शनिवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत व सीओ आनंद कुमार राय ने कहा कि शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने स्थानीय लोगों से सुझाव लिए। प्रमोद मिश्र समेत अन्य लोगों ने बताया कि घाट जलकुंभी से पट गया है और फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। साथ ही कांवड़ यात्रा को देखते हुए परसपुर-बालपुर मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क की गिट्टियों पर जल्द रोलर चलवाकर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष वासुदेव सिंह, राजदेव शुक्ल, बाबा मेवालाल, बाबा बद्री दास, सभासद इरफान, शुएब आलम, पारसनाथ गुप्ता आदि मौजूद रहे। (संवाद)