गोंडा। एसपी अंकित मित्तल ने करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बालपुर पुलिस चौकी के प्रभारी संजीव चौहान को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने एसडीएम के आदेश की अवहेलना पर ये कार्रवाई की है।
करनैलगंज के भटनईया गांव में कुछ लोगों ने स्थानीय निवासी देवी प्रसाद के घर के सामने आबादी की भूमि पर जबरन दीवार खड़ी कर दी थी। देवी प्रसाद ने मामले की शिकायत कई बार बालपुर चौकी पर की मगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायतकर्ता की फरियाद पर एसडीएम करनैलगंज ने पुलिस बल की मौजूदगी में दीवार ढहाने का आदेश किया था।
राजस्वकर्मी दीवार ढहाने मौके पर पहुंचे। मगर एसडीएम के आदेश के बावजूद चौकी पुलिस मौके पर नहीं गई। इससे आबादी की भूमि पर दीवार का निर्माण कराने वालों का मनोबल बढ़ गया और उन लोगों ने राजस्वकर्मियों को दीवार ढहाने नहीं दिया। इसकी शिकायत देवी प्रसाद ने एसपी से की थी। एसपी ने एसडीएम के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में चौकी प्रभारी संजीव चौहान को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने मीडिया सेल से उपनिरीक्षक आलोक कुमार राय को चौकी प्रभारी बालपुर नियुक्त किया है।