डुमरियाडीह। जाको राखे साइयां मार सके न कोय। ये कहावत शनिवार दोपहर उस समय चरितार्थ हुई जब बहराइच के हरदी थानाध्यक्ष अरविंद मिश्र की कार गोंडा-अयोध्या मार्ग पर चंदापुर के पास डंपर की चपेट में आकर पलट गई। हादसे में कार तो क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन थानाध्यक्ष बच गए। शनिवार को वह अवकाश लेकर अपने घर देवरिया जा रहे थे। चंदापुर के पास पीछे से आ रहे डंपर से उनकी कार में टक्कर लग गई। इससे कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने अरविंद को कार से निकाला। इस बीच डंपर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को गड्ढे से निकलवाया। प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में कार क्षतिग्रस्त हुई है। अरविंद सकुशल हैं। (संवाद)