गोंडा। दशहतगर्दी के हिमायती और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार सद्दाम शेख की यूपी एटीएस को कस्टडी रिमांड मिलने से तफ्तीश में तेजी आई है। पुरानी कड़ियां जुड़ने से कई अहम राज खुलने की उम्मीद है। इसके लिए सद्दाम की निशानदेही पर गोंडा, बलरामपुर और बहराइच के चुनिंदा सात स्थानों पर एटीएस उसे ले जाकर संबंधित लोगों से आमना-सामना कराएगी। वहां के लोगों से भी जानकारी जुटाएगी।
एटीएस को जांच में सद्दाम के गोंडा समेत तीनों जिलों में गहरी पैठ होने के संकेत मिले हैं। वह मूल रूप से कहां का रहने वाला है? यह पड़ताल भी इन स्थानों से आसान हो सकती है। करनपुर पठानपुरवा में वह 2004 के बाद आया और वहां बस तो गया मगर उसने अपनी असल पहचान सबसे छिपाए रखी। इससे एटीएस को आगे की जानकारी नहीं हो पा रही है। सद्दाम को गोंडा के करनपुर पठानपुरवा व लालापुरवा के साथ ही बहराइच के कैसरगंज और शहर के खास मोहल्लों में एटीएस की टीम ले जाकर पड़ताल करेगी। इसके साथ ही बलरामपुर के उतरौला, सादुल्लाहनगर और तुलसीपुर में भी एटीएस सद्दाम की जड़ें तलाशेगी।