मुजेहना। मूड़ाडीहा बनगाई गांव निवासी आशा कार्यकर्ता संतोष कुमारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार को वह मरीज लेकर जिला महिला अस्पताल गई थीं। वहां डाॅक्टर को दिखाने के बाद अल्ट्रासाउंड जांच कराने चली गईं। कुछ देर बाद जब रिपोर्ट लेकर लौट रही थीं तभी अस्पताल के गेट पर दो युवक मिले। दोनों ने उन्हें देखकर कहा कि माता जी आप भगवान पर बहुत भरोसा करती हैं, लेकिन इस समय परेशान हैं। अपने सारे गहने उतारकर पर्स में रख लीजिए। इसके बाद आंख बंद करके राधे-राधे बोलते हुए पांच कदम चलिए। संतोष कुमारी उनकी बातों में आ गईं। इसी दौरान दोनों पर्स लेकर भाग गए। कोतवाल नगर विवेक त्रिवेदी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के लिए टीम लगाई गई है। (संवाद)