बलरामपुर के एमएलके महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक को संबोधित करते डीएम डॉ. महेंद्र
बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए 67 परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की दोबारा जांच के आदेश दिए गए हैं। जिम्मेदारी एसडीएम को सौंपी गई है। जांच में सीसीटीवी कैमरे, बिजली, पानी, सीट आदि मूलभूत संसाधनों को परखा जाएगा।
एमएलके पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार को डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने केंद्र व्यवस्थापक व स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित परीक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा कराना सुनिश्चित करेंगे। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
एसपी केशव कुमार ने कहा कि परीक्षा के दौरान ड्यूटी में लगे कक्ष निरीक्षकों सहित सभी शिक्षकों व कर्मचारियों के मोबाइल परीक्षा अवधि के दौरान प्रधानाचार्य कक्ष में रखे जाएंगे। एडीएम प्रदीप कुमार व डीआईओएस गोविंद राम ने परीक्षा की तैयारी के बारे में जानकारी दी।
बाद में डीएम ने एमपीपी इंटर कॉलेज में बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम में सभी परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग बेहतर तरीके से किए जाने के निर्देश दिए। उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन केंद्र के निरीक्षण के दौरान खिड़कियों को सील करने का निर्देश दिया।
बैठक में एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर राजेंद्र बहादुर, तुलसीपुर मंगलेश दूबे, उतरौला संतोष ओझा, क्षेत्राधिकारी नगर दरवेश कुमार व चंदन पांडेय सहित अन्य मौजूद थे।