गोंडा। नवाबगंज में युवक के आत्महत्या करने के मामले में अदालत के आदेश पर थाना नवाबगंज में दो युवतियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कराया गया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के बाजपुरवा निवासी कृष्णमोहन तिवारी ने अदालत के आदेश पर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि वह पत्नी और छोटे बेटे के साथ लुधियाना में रहता है। घर में उसका बड़ा बेटा नमन तिवारी व दो बेटियां अपनी दादी के साथ रहती थीं। बीते 12 अप्रैल की सुबह तकरीबन नौ बजे नमन ने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। नमन का पड़ोसी युवती के मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो अयोध्या की रहने वाली है। दोनों साथ-साथ घूमते टहलते और शाॅपिंग भी करते थे। इसी बीच नमन को पता चला कि उस युवती का कई अन्य युवकों से भी प्रेम प्रसंग चल रहा है। नमन ने विरोध किया तो युवती ने उसे जान से मरवाने की धमकी दी। आरोप है कि पड़ोसी की बेटी और युवती मिलकर नमन को लगातार प्रताड़ित कर रही थी। इसी के चलते नमन ने आत्महत्या कर ली।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि अदालत के आदेश पर दो युवतियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। शीघ्र दोनों की गिरफ्तारी की जाएगी।