संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद भी नियुक्ति पत्र के लिए वर्षों से इंतजार कर रही जिले के 172 एएनएम के नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। शासन की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद शुक्रवार को नियुक्ति पत्र का वितरण शुरू हो जाएगा। पहले लखनऊ के लोकभवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। उसके बाद जिले में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में नवनियुक्त एएनएम कर्मियों को नियुक्ति पत्र बांटा जाएगा।
विगत 21 फरवरी को शाम चार बजे सीएमओ कार्यालय पर इन 172 कर्मियों को नियुक्ति पत्र देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन उससे पहले दोपहर 12 बजे ही सीएमओ कार्यालय से इन लोगों के पास फोन जाने लगा कि नियुक्ति पत्र देने पर सरकार ने रोक लगा दी है, अब अगले आदेशों के बाद ही आपको आना है। इतना सुनते ही एएनएम अभ्यार्थियों के आंखों में आंसू आ गए थे। पल भर में खुशियां मायूसी में बदल गई थी। अब एक बार फिर इनके चेहरे पर खुशियां लाने वाला फोन कॉल जाने वाला है।
वजीरगंज ब्लॉक के भरहापारा निवासी मुस्कान सिंह ने कहा कि लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं, पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी आ गई है। नौकरी मिलने से परिवार के भरण पोषण में आसानी होगी। पड़री कृपाल विकासखंड के तारी परसोहिया निवासी प्रियंका पांडेय ने कहा कि यूपीएसएसएससी की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद नियुक्ति पत्र मिलने में एक साल लग गए।
दिशानिर्देश मिलते ही बंटेंगे नियुक्ति-पत्र
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि अभी तक शासन से लिखित कोई पत्र नहीं आया है। मौखिक तौर पर कुछ लोगों ने बताया है। निर्देश मिलते ही एएनएम कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर दिया जाएगा।