एक युवक न्याय न मिलने का आरोप लगाकर पानी की टंकी पर चढ़ गया तथा कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों व वकीलों ने समझा बुझाकर नीचे उतारा।
क्षेत्र के उपाध्यायपुर ग्रंट के मजरा पुकन्ना निवासी सुरेंद्र कुमार शुक्रवार को मनकापुर तहसील कार्यालय परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि उसके गांव के बीच में एक दुर्गा मंदिर है, जिसको पांच साल पहले ग्रामीणों के सहयोग से बनवाया गया था। मंदिर में भक्तगण पूजा-अर्चन करने आते हैं। इसी बीच गांव के ही संतराम मंदिर का कथित पुजारी बनकर मंदिर के शेष भूमि पर मकान बनाने लगा। जब गांव वालों ने पूछा तो उसने कहा कि मैं अपने नंबर की भूमि पर मकान बना रहा हूं।
राजस्व विभाग से वास्तविक जानकारी करने के बाद सुरेंद्र गांव वालों के साथ जाकर निर्माण कार्य रोका तो विपक्षी अभद्रता करते हुए जान से मारने व संगीन धाराओं में मुकदमा लिखवाकर जेल भेजवाने की धमकी दी। विपक्षी ने कहा कि मंदिर की भूमि पर मकान निर्माण करा लेने से गांव के लोग पूजा-पाठ से वंचित हो जाएंगे। इसी मामले में न्याय न मिलने पर युवक पानी की टंकी पर चढ़ा था।
हालांकि, बाद में किसी तरह समझाकर उसे उतारा गया। तहसीलदार पैगाम हैदर ने कहा कि मामले को लेकर जांच टीम गठित करके गांव भेजा गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर नायब तहसीलदार अमित यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय तलवार, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय, एसआई रामदेव, अग्नि शमन दल के अधिकारी मौजूद रहे।