फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: आंखों में कैद बारूद का गर्द-ओ-गुबार और गोलियों की तड़तड़ाहट

Sun, 30 Apr 2023 11:37 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
गोंडा में मोतीगंज में सूडान से लौटे अजय गुप्ता को मिठाई खिलाते परिजन। - संवाद
विज्ञापन
गोंडा। बारूद का गर्द-ओ-गुबार और गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच दहशत भरे वो दिन अजय की आंखों में अब भी कैद हैं। सूडान में गृहयुद्ध के बीच नौ दिन तक केवल बिस्कुट और पानी पीकर गुजारे। लगा कि जिंदगी और मौत के बीच फासला बहुत कम रह गया है। ...लेकिन भारत सरकार की पहल पर सूडान से बचकर निकले अजय जब अपने वतन पहुंचे तो लगा कि जैसे दूसरा जन्म मिला है। गांव पहुंचे परिवारीजन भी बेहद खुश हैं। रविवार को ‘अमर उजाला’ से विशेष बातचीत के दौरान सूडान के हालात बयां करते-करते अजय की आंखें नम हो गईं।
विज्ञापन

अजय बताते हैं कि वे खानसामा का काम करने सूडान गए थे लेकिन कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि लोगों की मनपसंद का खाना ‘ऑनडिमांड’ ऑर्डर होते ही झटपट तैयार करने वाले इन्हीं हाथों से बिस्कुट खाकर पेट की आग बुझानी पड़ेगी। मौत को मात देकर घर वापसी में सफल हुए अजय के सामने वहां का जिक्र होते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। सूडान के खातून में बावर्ची का कार्य कर रहे अजय गुप्त उर्फ ननकऊ ने वहां छिड़े गृहयुद्ध के दौरान तबाही का मंजर आंखों के सामने देखा। नौ दिन तक वह एक कमरे में कैद रहा। गृहयुद्ध में बारूद की गंध, हवा में गर्द-ओ-गुबार के अलावा गोलियों की तड़तड़ाहट ही रोजमर्रा का रूटीन बन गया था। वहां फंसे अन्य भारतीयों के साथ अजय सूडान में 16 दिन तक फंसा रहा।
शनिवार देरशाम घर पहुंचने पर परिवारीजनों के चेहरे खिल गए। सूडान से वापस अपने घर मोतीगंज थाना क्षेत्र के खिरई खिरवा गांव के बघेलवा पहुंचा तो लोग उसका हाल जानने को बेताब दिखे। सकुशल वापसी की खुशी के साथ ही युद्ध के बीच बीते पलों की जानकारी के लिए भी उत्सुकता रही। अजय ने बताया कि 13 अप्रैल की सुबह नौ बजे सूडान में एयरपोर्ट व अल्लासर बिल्डिंग के पास पहला बम गिरा, जिसमें सैकड़ों निर्दोष लोगों की मौत हो गई। उसके बाद लोगों ने घरों से निकलना बंद कर दिया। चारों तरफ गोलियां और बम गिरने शुरू हो गए। खिड़की के सुराख से झांककर देखा तो सिर्फ बारूद का गर्द-ओ-गुबार और कानों में गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देती थी। अजय ने बताया कि नौ दिन तक नौ भारतीय एक कमरे के अंदर छिपे रहे। वहां भोजन की व्यवस्था नहीं थी। सिर्फ बिस्कुट व पानी पीकर जीवन काटा। उस समय फोन सेवा भी बंद कर दी गई थी।
विज्ञापन

अजय गत 21 नवंबर 2021 को सूडान गया हुआ था। वहां अजय को बावर्ची की नौकरी में भारतीय मुद्रा के हिसाब से 25 हजार रुपये मिलते थे। वह वहां के खातून शहर में सदगुरु टावर एजेंसी में काम करता था। अभी उसकी 80 हजार रुपये मजदूरी भी फंसी है। उसने कहा कि अब कभी भी अपना देश छोड़कर बाहर नहीं जाएगा। अब रोजी-रोटी की तलाश यहीं रहकर करेंगे। उसके परिवार में बेटा कृष्णा (10), बेटी अंजली (12), पत्नी रेशमा (35) और मां कमलावती (75) हैं। पूरे परिवार के जीविकोपार्जन की जिम्मेदारी उसी पर है।
अजय ने बताया कि सूडान में छिड़े गृहयुद्ध में फंसे भारतीयों की वापसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संभव हो सकी है। उसने प्रधानमंत्री के साथ ही जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार व आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव को उसे घर भिजवाने के लिए आभार जताया। पीएम के पहल की जानकारी होने पर उसने वहां पर भारतीय दूतावास से संपर्क किया गया। दूतावास के अधिकारियों ने पासपोर्ट देखा और उसके बाद वहां से उसे सऊदी भेजा। फिर सऊदी से फाइटर जेट फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया। इसके बाद दिल्ली से बस से गोंडा भेजा गया।
सूड़ान में फंसे अजय से उसकी मां कमलावती की बात छह दिनों तक नहीं हो पाई। इससे वह विचलित हो गईं थीं और उन्हें चिंता सताने लगी। भावुक मां ने भरे गले से कहा कि बात न होने पर घर भर के लोग सोचे कि भैया अब लौट कय ना आय पाईहैं। उसकी मां व अजय की पत्नी की आखों में आंसू आ गए। फिर आंसू पोछते हुए कहा कि प्रधानमंती मोदी हमरे भैया का ठीक ठाक से घरे भेजवाय दिहिन हैं। अब मोदी जइसे नेता कय देश मा जरूरत है। बोली कि अगर भैया लौट कय न अवते तो बुढ़ापा मा दुय रोटी ना मिलत। अब वे कहूं न जाइहैं, यहां जाऊन काम मिली करिहैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें