सकनवा/बभनान(गोंडा)। छपिया थानाक्षेत्र के धानेपुर मिर्जापुर गांव में विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति व सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मृतका के आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सुकलामपुर निवासी श्रीनिवास ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मधु (22) की शादी जून 2022 में धानेपुर मिर्जापुर गांव निवासी विशाल पुत्र स्वर्गीय उदयराज के साथ की थी।
श्रीनिवास के मुताबिक, एक माह पहले उनकी बेटी मायके आई थी। उसने बताया था कि ससुराल वाले दहेज में बाइक, फ्रिज व कुकर की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। बेटी को समझाबुझाकर एक सप्ताह पहले ससुराल भेज दिया था।
आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति विशाल व सास शोभावती उर्फ सरोज ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि श्रीनिवास की तहरीर पर पति विशाल व सास शोभावती के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।