अप ट्रैक से रवाना होती गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन। - संवाद
-एक तरफ से बहाल किया गया रेलवे परिचालन, रंग लाई राहत टीम की मेहनत
संवाद न्यूज एजेंसी गोंडा। चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस हादसे के बाद गोंडा से गोरखपुर व गोरखपुर से गोंडा तक ट्रेनों का संचालन ठप हो गया था। करीब 26 घंटे के बाद शुक्रवार को अप ट्रैक पर मालगाड़ी चलाकर ट्रायल किया गया। डाउन ट्रैक को सही करने के लिए भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। देर रात तक इसे भी सही करने की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार शाम 5.19 बजे अप ट्रैक पर मालगाड़ी रवाना करके ट्रायल किया गया, जिसमें सफलता हासिल हुई है। इसके बाद दूसरी मालगाड़ी गुजारी गई। इसके बाद 7.09 बजे गोरखधाम एक्सप्रेस को गुजारा गया। उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक सौम्या माथुर एवं मंडल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार के संयुक्त नेतृत्व में क्षतिग्रस्त डाउन ट्रैक को सही किया जा रहा है। जल्द ही उसपर भी ट्रेनों का आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।