गोंडा। निकायों में आरक्षण के दांवपेंच मेें चुनाव फंस गया है। चुनाव टलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम तय किया है। साथ ही 31 दिसंबर से प्रशासक तैनात करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सबसे पहले नगर पालिका परिषद गोंडा में प्रशासक राज की व्यवस्था होगी। अधिकारी विकास व अन्य कार्य तय करेंगे।
जिले में नवगठित तीन नगर पंचायत बेलसर, धानेपुर, तरबगंज में पहले से ही प्रशासक ही कार्य कर रहे हैं। वहां एसडीएम को प्रशासक बने हैं। इसके अलावा कार्यकाल के हिसाब से 31 दिसंबर को गोंडा नगर पालिका में प्रशासक की नियुक्ति होगी। साल 2017 में निकाय चुनाव में शपथ के बाद सबसे पहले गोंडा नगर पालिका परिषद में पहली बैठक 30 दिसंबर को हुई थी, जबकि अन्य छह निकायों की बैठक जनवरी 2018 में हो पाई थी।
नगर पंचायत कटरा बाजार, नगर पालिका परिषद नवाबगंज और करनैलगंज की खुली बैठक 22 जनवरी 2018 को हुई थी। यहां प्रशासक 23 जनवरी को प्रभार लेंगे। नगर पंचायत परसपुर में 20 जनवरी 2018 को बैठक हुई, यहां पर 21 जनवरी 2023 में प्रशासक नियुक्त होंगे। नगर पंचायत मनकापुर में पांच जनवरी 2018 में बैठक होने से छह जनवरी को तथा नगर पंचायत खरगूपुर में चार जनवरी 2018 को पहली बैठक होने से पांच जनवरी को कार्यकाल पूरे होने पर प्रशासक नियुक्त होंगे।
क्षेत्र के एसडीएम को प्रभार देने की तैयारी हो रही है।माना जा रहा है कि नगर पालिका परिषद गोंडा के प्रशासक की तैनाती शनिवार को होगी। नगर मजिस्ट्रेट को प्रभार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सीआरओ की अध्यक्षता में जागरूकता अभियान
निकाय चुनाव जब भी हो, इसकी तैयारी पहले ही पूरी हो चुकी है। चुनाव पर अटकलों को देखते हुए प्रशासन ने मतदाता जागरूकता की मुहिम की तैयारी की है। सीआरओ को इसका प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा डीआईओएस, बीएसए, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रधानाचार्य शहीदेआजम भगत सिंह इंटर कॉलेज आदि की कमेटी बनाई गई है। जो मतदाताओं को भयमुक्त होकर मतदान के लिए जागरूक करेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी निकाय नारायण का कहना है कि निकाय के मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। विधानसभा की तर्ज पर अभियान चलेगा।
जागरूकता अभियान
निकायों की व्यवस्था नियमों के तहत बनाई जाएगी। मतदाता जागरूकता का अभियान शुरू किया जा रहा है। जिससे अधिक से अधिक मतदान चुनाव में हो सके। डॉ. उज्जवल कुमार, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी