गोंडा। शत-प्रतिशत मतदान के लिए शहर के अदम गोंडवी मैदान में शनिवार को जिला प्रशासन स्तर से प्रशासन एकादश व मीडिया एकादश के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इसमें प्रशासन एकादश ने मीडिया एकादश टीम को 38 रन से शिकस्त दी। दोनों टीमों के बीच डे-नाइट मैच में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला।
देवीपाटन मंडल कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र ने शनिवार को 15 ओवर के डे-नाइट मैच का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रशासन व मीडिया एकादश की टीमें मुकाबले में उतरीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रशासन एकादश की टीम ने सभी विकट गंवाकर 15 ओवर में कुल 165 रन बनाए। जवाब में उतरी मीडिया एकादश की पूरी टीम 13वें ओवर में 127 रन पर ही आउट हो गई। प्रशासन एकादश के सूरज कुमार के बेहतर प्रदर्शन की बदौलत टीम ने मीडिया एकादश को 38 रनों से शिकस्त दी। सूरज कुमार मैच ऑफ द मैच चुने गए। डीएम नेहा शर्मा ने विजेता टीम को ट्राॅफी देकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। साथ ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों को 20 मई को शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य दिया। इस दौरान सीआरओ महेश प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, एलबीएस पीजी कॉलेज प्राचार्य रवींद्र पांडेय, नगर पालिका ईओ संजय कुमार मिश्र समेत अन्य मौजूद रहे।