बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी लेते जिले के प्रभारी मंत
बलरामपुर। जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने सोमवार को कहा कि सबसे अधिक एक लाख नब्बे हजार करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान भाजपा सरकार ने किया है। अगर किसी भी क्रय केंद्र पर किसानों से गन्ना उतारने या प्रजाति रिजेक्ट करने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आता है, तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को पहुंचे प्रभारी मंत्री ने भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मभूमि पर काम करने का उन्हें मौका मिला है, यह बहुत ही अहम बात है। रामचरितमानस की प्रतियां जलाने के मामले में उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से उत्तर प्रदेश में विकास का जो माहौल बना है, उससे जनता का ध्यान भटकाने के लिए समाजवादी पार्टी के लोग इस तरह का कुचक्र रच रहे हैं।
इससे पहले उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। बैठक में जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, विधायक सदर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी आदि मौजूद रहे।
जिले में बनाएं इंडस्ट्रियल पार्क
प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाए। जिले में इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाए। चिकित्सकों की कमी को जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से दूर किया जाए। उन्होंने शतप्रतिशत गोवंश का इयर टैगिंग किए जाने, मोटे अनाज की खेती के लिए कृषकों को प्रेरित किए जाने, निर्माण कार्यों में प्रगति लाते हुए शतप्रतिशत बजट का उपयोग किए जाने का निर्देश दिया। बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत के अनुपस्थित रहने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। इस मौके पर जन प्रतिनिधियों के अतिरिक्त डीएम डॉ. महेंद्र कुमार, एसपी केशव कुमार, सीडीओ संजीव कुमार मौर्य, सीएमओ डॉ. सुशील कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।