इटियाथोक (गोंडा)। बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गए। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दोनों युवक पट्टीदारी के भाई बताए जा रहे हैं। बता दें कि बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
ग्राम हरैया झूमन निवासी कौशल चौधरी (23) व प्रदीप चौधरी (21) एक बाइक से मंगलवार देर शाम बलरामपुर गए थे। दोनों कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इटियाथोक थाना क्षेत्र के बलरामपुर इटियाथोक मार्ग पर गांधी चबूतरा के गीता सिंह फॉर्म के पास खड़े ट्रक में जा घुसे। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस चौकी भवानीपुर खुर्द को दी। पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश यादव व सिपाही रणजीत यादव व संजीत यादव ने घायल दोनों लोगों को अस्पताल भिजवाया। कौशल की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरे युवक प्रदीप को इलाज के लिए लखनऊ ले गए। उसकी भी रास्ते में मौत हो गई। दो युवकों की मौत से गांव में कोहराम मच गया।
प्रतियोगी परीक्षा की कर रहे थे तैयारी
मंगलवार की रात सड़क हादसे का शिकार हुआ प्रदीप चौधरी पिकअप चलाकर जीवन यापन कर रहा था। कौशल चौधरी स्नातक के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। दोनों बलरामपुर से एक निमंत्रण में शामिल होकर लौट रहे। जोरदार भिड़ंत से स्प्लेंडर बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई।