गोंडा। अयोध्या से अंतिम संस्कार कर लौट रहे लोगों से भरी एक डीसीएम पंडरी कृपाल के पास मवेशी बचाने के चक्कर में पलट गई, जिससे उसमें सवार 27 लोग घायल हो गए। इनमें से 12 लोगों की हालत नाजुक है। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां से चार लोगों को मेडिकल कॉलेज, लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में एक घायल की मौत हो गई।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे दो दर्जन से अधिक लोगों को लेकर अयोध्या से बलरामपुर की ओर जा रही डीसीएम जब पंडरी कृपाल के पास पहुंची तो मवेशियों का एक झुंड अचानक सड़क पार करने लगा। मवेशियों को बचाने के चक्कर में चालक संतुलन खो बैठा और डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई।
घायलों में बबलूराम तिवारी, व्याकुल प्रसाद, महाराजी देवी, ननकना देवी, मीरा देवी, सुमन, राजा तिवारी, दामोदर श्याम तिवारी, आरती मिश्रा, शिवा मिश्रा, जामवंती, राकेश शुक्ला, राम किशोर, कृपा राम, रामप्यारी को मामूली चोटें आई हैं। जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि घायल बच्चाराम, उर्मिला, गुड़िया देवी, विद्यावती, अमरिका प्रसाद, रोहित शुक्ला, सरपंच, सोना देवी, कामेश्वर प्रसाद, छोटकऊ, उर्मिला व अहम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिन्हें इमरजेंसी मेडिकल अफसर डॉ. दीपक सिंह ने गंभीर स्थिति के चलते दामोदर श्याम सहित अन्य को मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दामोदर श्याम (55) निवासी गिलौला की मौत हो गई। डीसीएम चपेट में आने से एक गाय की भी मौत हो गई। डीसीएम पर सवार सभी लोग जहां एक ही गांव के थे। वहीं उसमें कुछ रिश्तेदार भी थे। सभी अंतिम संस्कार करके वापस बलरामपुर जा रहे थे।