करनैलगंज (गोंडा)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोंचा कासिमपुर में सड़क किनारे पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार शाम पेड़ गिरने से सड़क किनारे हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। बाइक सवार तीनों युवक करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम कोंचा कासिमपुर सुमित कुमार कनौजिया (20) व विनय कुमार कनौजिया (22) चौरी चौराहे पर दुकान करते हैं। सुमित की मेडिकल स्टोर है, व विनय स्टेशनरी की दुकान है। दोनों शुक्रवार शाम को दुकान बंद करके गांव के युवक शुभम सैनी (18) के साथ घर के जा रहे थे। तीनों बाइक पर सवार होकर जैसे निकले कि सड़क किनारे एचटी लाइन का तार पड़ा था। जिसकी चपेट में तीनों युवक आ गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने सीएचसी करनैलगंज पहुंचाया। जहां डॉ मुदस्सिर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर तत्काल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
उधर, तरबगंज थाना क्षेत्र के ग्रामसभा पथार के मजरा भरतपुर में बिजली की चपेट में आकर एक महिला व किशोरी घायल हो गई। शुक्रवार को तेज बारिश के बीच बिजली गिरने से त्रिभुवन की रीमा व चंदू संतोष की पुत्री चंदू जख्मी हो गई। जिन्हें सीएचसी ले जाया गया। संवाद