गोंडा। मुजफ्फरपुर से बांद्रा जा रही अवध एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार देर रात 12:30 बजे गोंडा स्टेशन पर रुक रही थी। तभी जनरल कोच से एक यात्री गिर गया। वह प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में फंस गया। ट्रेन के मैनेजर व गार्ड ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। गार्ड से सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अस्पताल की टीम मौके पर पहुंच गई। डॉ. एसके मिश्र ने बताया कि जवानों व वेंडरों ने यात्री को ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच से निकाला मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जीआरपी इंस्पेक्टर बांकेलाल ने बताया कि मृतक नयन कुमार मंडल (25) बिहार के कटिहार जिले के ग्राम व पोस्ट हरसुता के रहने वाले थे। उनके पास से कटिहार से जरवल रोड का टिकट मिला है। नयन मजदूरी करने जा रहे थे। (संवाद)