गोंडा। मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने गईं बुजुर्ग महिला टप्पेबाजी का शिकार हो गईं। आयुष्मान कार्ड बनवाने का झांसा देने के बाद जांच के नाम पर टप्पेबाज ने उनसे नथुनी और बाले उतरवाए। फिर गहने लेकर रफूचक्कर हो गया।
धानेपुर के डेबरी निवासी बुजुर्ग सीता देवी सोमवार को महाराजा देवीबख्श सिंह राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में इलाज कराने गई थीं।ओपीडी का पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगी थीं। तभी एक व्यक्ति आया और उनसे कहा कि आपको आयुष्मान कार्ड बनवाना हो तो बताइए। पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिल जाएगा। इसके लिए मात्र 1500 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। सीता देवी ने हामी भरी तो वह उनको क्षेत्रीय निदान केंद्र में ले गया। वहां उसने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए जांच करानी पड़ेगी। मशीन पर लेटने के पहले नाक व कान के आभूषण निकालने पड़ेंगे।
सीता देवी ने अपनी सोने की नथुनी व बाले निकालकर उसे दे दिए। इसी बीच भीड़भाड़ का फायदा उठाकर वह भाग गया। सीता देवी के मुताबिक वह व्यक्ति उनके गहनों के साथ ही 1500 रुपये भी ले गया है। सीता बिलखने लगीं तो वहां भीड़ लग गई। नगर कोतवाली में शिकायत करने की बात कहते हुए वह चली गईं।