गोंडा। गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर गिलौली बाजार के पास हुए सड़क हादसे की जांच तीन सदस्यीय कमेटी करेगी। बृहस्पतिवार को हुए हादसे में बलरामपुर के पूरब टोला निवासी ठेकेदार नीरज श्रीवास्तव और उनके चचेरे छोटे भाई अवनीश की पत्नी आंचल उर्फ हिना की मौत हो गई थी। परिवार के तीन बच्चे घायल हो गए थे। सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने बताया कि बस और कार की टक्कर से हादसा हुआ था। हादसे के कारणों की जांच कराई जाएगी। पता लगाया जाएगा कि बस का ब्रेक तो नहीं फेल हुआ या फिर बस या कार में अचानक कोई तकनीकी खराबी तो नहीं आ गई, जिसके कारण हादसा हुआ। जांच के लिए आरटीओ के आरआई, रोडवेज के कार्यशाला प्रभारी व यातायात उपनिरीक्षक को नामित किया जा रहा है। कमेटी के सभी सदस्य मौके पर जाकर जांच करके रिपोर्ट देंगे।