करनैलगंज (गोंडा)। क्षेत्र के एक आवासीय बालिका विद्यालय में कक्षा सात की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। छात्रा का आरोप है कि एक सप्ताह पहले स्कूल के चौकीदार ने उसके साथ छेड़छाड़ की। स्कूल के स्टाफ से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने बीएसए को मामले की जानकारी दी। बीएसए अतुल तिवारी ने जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों की दो सदस्यीय टीम गठित की है। करनैलगंज इंस्पेक्टर श्रीधर पाठक ने बताया कि मामले में आरोपी रंगनाथ तिवारी निवासी पांडे चौरा, करनैलगंज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। विद्यालय के सीसीटीवी खंगाले गए तो पता चला कि एक कैमरा एक माह से बंद है। (संवाद)