परसपुर। नगर पंचायत कार्यालय के सामने 75 फीट से अधिक ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया जाएगा। बालपुर मार्ग पर बन रहे कार्यालय परिसर में ध्वज स्थापना के लिए कंक्रीट का आधार स्तंभ तैयार हो चुका है। ध्वज लगाने के लिए पाइप की रंगाई-पुताई कराई जा रही है। चेयरमैन वासुदेव सिंह ने बताया कि ध्वज के शीर्ष पर सुनहरे रंग का मुकुटनुमा छाजन भी लगाया जाएगा। इसकी संरचना तेज हवा और आंधी को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। राष्ट्रीय ध्वज स्थापित होने से कस्बे की पहचान और सार्वजनिक स्थल की सुंदरता बढ़ेगी। नगर पंचायत के सभासदों और कर्मचारियों ने इस पहल पर खुशी जताई है। (संवाद)