फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डकैतों ने दंपती को पीट लूटे 50 हजार व जेवरात

विज्ञापन
विज्ञापन
इटियाथोक (गोंडा)। थाना क्षेत्र के एकडंगा गांव के मजरे बैजपुर में सोमवार की रात एक घर में घुसे डकैतों ने दंपती को लाठियों से पीटकर 50 हजार की नकदी व 50 हजार रुपये के जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर डकैतों ने पति को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। इस मामले में महिला ने थाना इटियाथोक में डकैतों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इटियाथोक थाना क्षेत्र के एकडंगा गांव के मजरे बैजपुर की रहने वाली ताराफुननिशां पत्नी हाजी लल्लन ने बताया कि सोमवार की रात वह पति के साथ घर के कमरे में सो रही थी, जबकि उनका पौत्र महमूद दूसरे कमरे में सो रहा था। देर रात डेढ़ बजे छत के रास्ते आठ डकैत घर में घुस आए और नीचे पहुंचते ही बाहर का दरवाजा खोल दिया। ताराफुननिशां के मुताबिक डकैतों ने घर में घुसते ही महमूद को कमरे में बंद कर दिया और उसके पति हाजी लल्लन को लाठियों से पीटने लगे, जबकि उनका एक साथी तमंचे से ताराफुननिशां को धमका रहा था। पति को पिटता देख पत्नी ने विरोध किया तो डकैतों ने उसकी भी पिटाई की और हाजी लल्लन को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। इसी बीच डकैतों के अन्य साथी कमरे में संदूक में रखी 50 हजार की नकदी, सोने की झुमकी, बाली, टप्स, नथुनी, पायल व पायजेब लेकर भाग निकले। डकैतों के जाने के बाद ताराफुननिशां ने शोर मचाया तो गांव के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने हाजी लल्लन को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने के चलते उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस मामले में ताराफुननिशां ने थाना इटियाथोक में डकैतों के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष इटियाथोक रामशंकर तिवारी का कहना है कि महिला ने जो तहरीर दी है, उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें