परसपुर (गोंडा)। आंटा गांव के मजरा भोंदूपुरवा में लोग चोरों के डर से रात भर जाग रहे हैं। लोगों के अनुसार हर रोज चोर किसी न किसी के घर पर धावा बोल देते हैं। गुरुवार को भी चोरों ने एक घर पर धावा बोला। ग्रामीणों के जागने पर चोरों ने फायरिंग की। जवाब में ग्रामीणों ने भी फायरिंग की। बाद में चोर भाग निकले। बता दें कि गल्ला व्यापारी राजेंद्र सिंह के घर से 30 जून को चोरों ने ढाई लाख से अधिक रुपये के जेवर पार कर दिए थे। उस वारदात के बाद से गांव के किसी न किसी घर पर चोर रोज धावा बोल रहे हैं। गुरुवार रात भी चोरों ने गांव में धावा बोला। जाग रहे गांव के लोगों ने जब चोरों की घेराबंदी करने की कोशिश की तो उन्होंने बाग में छिपकर फायरिंग की। जवाब में ग्रामीणों ने भी फायरिंग की। पुलिस को सूचना दी गई मगर पुलिस के पहुंचने से पहले ही चोर भाग निकले। देवकली सिंह, राजेन्द्र सिंह, अजय सिंह, पप्पू सिंह, शिव किशोर सिंह, बिन्देश्वरी सिंह, दिनेश सिंह व शिवशंकर सिंह ने बताया कि हर रोज चोर गांव में धावा बोल रहे हैं। इससे पूरी रात जागना पड़ता है। थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने बताया कि एक रात गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर फोर्स भी भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। सूचना पर बदमाशों की घेराबंदी की जाएगी।