मोतीगंज/खोरहसा (गोंडा)। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला समेत दो की गुरुवार को मौत हो गई, जबकि ट्रेन से गिरे एक युवक ने निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मोतीगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेसहूपुर में अनुराधा पत्नी जानकी प्रसाद गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वहीं, इसी थाना क्षेत्र के सिंगारीपुरवा के मजरे डुड़ांव निवासी रामसूरत दूबे का बेटा प्रवीण गांव के एक युवक संग मुंबई जा रहा था। ललितपुर स्टेशन के पास अचानक वह ट्रेन से गिर गया। जीआरपी ने उसे ललितपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। बाद में उसे गोंडा लाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार सुबह प्रवीण की मौत हो गई। इसके अलावा सीहागांव निवासी अलखराम वर्मा की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रधान बृजराज मिश्र ने बताया कि युवक काफी दिनों से बीमार चल रहा था।