गोंडा। चेकिंग के दौरान एसडीएम ने दो दिन पहले बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर नवाबगंज पुलिस के हवाले कर दी। मगर नवाबगंज पुलिस ने एसडीएम के आदेश को दरकिनार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ दिया। इससे नाराज एसडीएम ने एसओ नवाबगंज के खिलाफ सीओ को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। एसडीएम तरबगंज शंभु कुमार ने बताया कि 28 सितंबर को वह थानाध्यक्ष नवाबगंज अनिल सिंह के साथ चेकिंग पर निकले थे। इस दौरान परसापुर गांव के पास अवैध खनन की बालू लदी तीन ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़कर एसओ के हवाले कर दी थीं। बताया कि अवैध खनन करने वालों व ट्रैक्टर-ट्रॉली के मालिकों और चालकों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश एसओ को दिए थे। मगर उनके वहां से जाते ही एसओ ने ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ दीं। एसडीएम ने बताया कि एसओ नवाबगंज की कार्यशैली से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। बताया कि सीओ तरबगंज हिमांशु कुमार को पत्र भेजकर एसओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा है। उधर, थानाध्यक्ष नवाबगंज अनिल सिंह ने बताया कि अवैध बालू खनन में पकड़ी गईं तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉली थाने में हैं।