जिले में डायट में चल रहे शिक्षकों के प्रशिक्षण के निरीक्षण में 88 गुरुजी नदारद मिले। डायट प्राचार्य ने इन सभी से स्पष्टीकरण तलब किया है। गुरुवार को डायट प्राचार्य मनोहर लाल ने जिले में चल रहे प्रशिक्षु शिक्षकों के सैद्धांतिक प्रशिक्षण का जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान दर्जी कुआं का निरीक्षण किया। इस दौरान 41 प्रशिक्षु शिक्षक अनुपस्थित पाए गए और 14 प्रशिक्षु शिक्षक अवकाश पर मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कक्षाध्यापकों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान कोई भी अवकाश देय नहीं है, वहीं जो प्रशिक्षु अनुपस्थित पाए गए हैं, उनके बारे में संबंधित शिक्षण प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। डायट प्राचार्य मनोहर लाल ने बताया कि इस समय जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान दजीकुआं में 301 प्रशिक्षु शिक्षकों का सैद्धांतिक प्रशिक्षण चल रहा है। अनुपस्थित प्रशिक्षु शिक्षकों से संबंधित कक्षाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बीटीसी प्रशिक्षु के निरीक्षण में 34 बीटीसी प्रशिक्षु अनुपस्थित पाए गए। इनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। डायट प्राचार्य ने बताया कि बीटीसी प्रशिक्षु को जुलाई से प्राथमिक विद्यालयों में प्रयोगात्मक कार्य के लिए भेजा जाएगा। डायट प्राचार्य मनोहर लाल ने कक्षा अध्यापक को निर्देश दिया कि प्रशिक्षु शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत होनी चाहिए। यदि दोबारा निरीक्षण के दौरान अनुपस्थिति पाई जाती है तो उसकी जिम्मेदारी कक्षाध्यापक की ही होगी।