चोटी कटवा की अफवाह में बुजुर्ग महिला घायल
करनैलगंज(गोंडा)। चोटी कटवा की अफवाहों की चपेट में रविवार को एक 85 वर्षीया वृद्ध महिला आ गई। उसके सिर पर तेज नुकीले औजार की चोट से वह घायल होकर बेहोश हो गई। परिवारीजनों ने उसे एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर अमरहा निवासी यमुना देवी 85 वर्ष पत्नी अयोध्या प्रसाद अपने घर के दरवाजे पर शाम को बैठी थीं। उसी बीच उन्हें पीछे से एक साया नजर आया। जब तक वह पीछे देखती तब तक उनके सिर पर नुकीले हथियार से वार हो गया। वह कुछ बोल भी न सकीं और वहीं बेहोश होकर गिर गईं। परिवार के लोग जब पहुंचे तो देखा कि उनके सिर से खून निकल रहा था। वृद्धा को लोगों ने एक निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया जहां उसका इलाज हुआ। महिला के अनुसार उसके बहुत छोटे बाल थे तथा जो साया नजर आया उसे देखने की कोशिश की तबतक सिर पर तेज चोट पहुंच गई। दूसरी ओर कोतवाल अंगद राय ने बताया कि मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं है न ही कोई तहरीर ही मिली है।