गोंडा। समग्र शिक्षा अभियान के 17 कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूलों में छात्राओं की उपस्थिति कम हो गई है। 17 स्कूलों में 1973 छात्राएं पंजीकृत हैं। जिनमें से 43 फीसदी छात्राएं ही स्कूल आ रहीं हैं। महानिदेशक विजय किरण आनंद ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। बीएसए को उपस्थिति सुधारने का निर्देश दिया है।
पहली जुलाई से 27 जुलाई के बीच की उपस्थिति की पड़ताल हुई तो चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए। पहली जुलाई को तो सिर्फ तीन फीसदी छात्राएं ही स्कूल आईं थीं। इसके बाद उपस्थिति में सुधार तो हुआ लेकिन ठहराव नियमित नहीं हो सका। सर्वाधिक उपस्थिति 24 व 25 जुलाई को 66- 66 फीसदी हुई। इसके बाद 26 को 64 फीसदी के बाद 27 को 43 फीसदी उपस्थिति हो गई।
पूरे जुलाई माह की उपस्थिति औसतन 43 फीसदी से अधिक नहीं हो सकी है। ऐसा तब है जब सौ फीसदी उपस्थिति पर जोर है और रहने व खाने की व्यवस्था शासन से हाेती है। महानिदेशक की ओर से नाराजगी जताए जाने के बाद विभाग में खलबली है। बीएसए प्रेमचंद यादव ने सभी वार्डेन व शिक्षकों को निर्देश दिया है कि उपस्थिति में सुधार लाएं।