गोंडा। गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिन में तेज धूप की वजह से लू का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अभी दो-तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
करीब एक माह से भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को बादल उम्मीद तो बंधा रहे हैं, पर अभी बरस नहीं रहे हैं। एक जून से दस जून के बीच प्री मानसून की बारिश हो जाती थी, लेकिन इस बार केवल बूंदाबांदी ही हुई। जबकि जून माह का आधा बीत गया है। दिन का तापमान जहां 44 से 45 डिग्री के आसपास चल रहा है, वहीं रात में भी 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तापमान में लोगों को नींद नहीं आ रही है।
शनिवार को भी भीषण गर्मी व उमस से लोग परेशान रहे। कूलर-पंखे लू की तरह गर्म हवा फेंकते रहे। दिन में तीखी धूप होने से लोग घरों में ही कैद रहे। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानों पर ग्राहक भी नहीं नजर आए।