गोंडा। निकाय चुनाव की तैयारियों तेज हो गईं हैं। स्थानीय निकाय निर्वाचन विभाग की ओर से सोमवार को जिले के सभी दस निकायों के मतदाताओं की सूची जारी कर दी गई है। इसके साथ ही मतदाताओं और आम लोगों से दावे और आपत्तियां सात नवंबर तक मांगे गए हैं। इसके बाद दावे और आपत्तियों का निस्तारण 12 नवंबर तक होगा। अंतिम मतदाता सूची 18 नवंबर तक जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही बूथों और मतदान केंद्रों को भी अंतिम रूप दे दिया जाएगा। वार्डों के गठन की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है।
जिले में दस निकाय क्षेत्रों में 173 वार्डों के लिए 109 मतदान केंद्र और 323 बूथ तय किए गए हैं। इन निकायों में 2,49,127 मतदाता हैं। इनकी सूची जारी कर मंगलवार से आपत्तियां और दावे मांगे गए हैं। जिसमें तीन नई नगर पंचायतों धानेपुर, बेलसर व तरबगंज के साथ ही सीमा विस्तार के बाद करनैलगंज और कटरा बाजार के मतदाताओं की सूची सोमवार को जारी कर दी गई है। इसके साथ ही मनकापुर, नवाबगंज, खरगूपुर, परसपुर, गोंडा निकाय की सूची भी जारी कर दी गई है।
निर्वाचन विभाग की ओर से चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाने के साथ ही निकाय चुनाव की सियासत तेज हो गई है। माना जा रहा है कि दिसंबर में चुनाव होना तय है। ऐसे में नवंबर तक चुनाव से पहले की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मतदाताओं की सूची के साथ ही वार्डों, मतदान केंद्रों और बूथों की संख्या भी तय कर दी गई है। जिसे 18 नवंबर तक अंतिम रूप देकर राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
इसके साथ ही गोंडा नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार की उम्मीद भी खत्म हो गई है। 24 ग्राम पंचायतों को शहर में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया था। जिस पर अभी तक निर्णय नहीं हो सका है। इससे नगर पालिका परिषद के पूर्व में शामिल 27 वार्डों की ही मतदाता सूची जारी की गई है।
अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि नगरीय निकायों की मतदाता सूची जारी कर दी गई है। मंगलवार से निर्धारित प्रपत्र पर नाम बढ़ाने या अन्य संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही दावे व आपत्तियां भी दे सकते हैं।