बाराबंकी में पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने कहा है कि बीजेपी और नरेंद्र मोदी हिन्दु, मुसलमान, भगवा और तिरंगा के नाम पर लोगों का गुमराह कर गुजरात से लेकर दिल्ली तक की सत्ता पर काबिज हो गए। गुजरात में 2002 में हिन्दु और मुसलमानों को मरवा दिया।
अयोध्या में भगवान श्रीराम को धोखा दिया। राजीव गांधी ने रामजन्मभूमि का ताला खुलवाकर लोगों को राम के दर्शन का मौका दिया। हम मंदिर, शिक्षा और किसान को वाजिब दाम दिलाना चाहते हैं। हमें चौकीदार नहीं प्रधानमंत्री की जरूरत है। मोदी को हराने के लिए अपना एक-एक वोट कांग्रेस प्रत्याशी को ही दें।
हार्दिक पटेल कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया के समर्थन में शुक्रवार को सिद्धौर और त्रिलोकपुर कस्बे में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा देश की अर्थव्यवस्था को मोदी ने खत्म कर दिया है। बीजेपी ने अयोध्या के भगवान श्रीराम को भी धोखा दिया।
कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों का दो लाख तक का कर्जा माफ किया जाएगा। बेरोजगार युवाओं को नौकरी देंगे, साथ ही किसानों व मजदूरों के बच्चों को इंटरमीडिएट तक की शिक्षा मुफ्त दी जाएगी। किसानों को चौकीदार की जरूरत होगी तो नेपाल से मंगा लेंगे।