गोंडा। गर्मी में ओवरलोडिंग की मार झेल रहे 159 ट्रांसफार्मरों को बदलने की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही इन ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी व नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाऐंगे। वर्ष 2022 के मई महीने में जहां 245 मेगावाट बिजली की खपत हुई थी, वहीं इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 262 मेगावाट पहुंच गया। जबकि जून की भीषण गर्मी अभी शुरू ही नहीं हुई। बिजली की मांग बढ़ने से जिले में लगे सभी ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। जिससे आए दिन ट्रांसफार्मर खराब होने पर उससे जुड़े इलाकों की विद्युत सप्लाई भी ठप हो जाती है। इसके चलते जिले के 159 ट्रांसफार्मरों के उच्चीकरण का प्रस्ताव पास किया गया है। अब ट्रांसफार्मरों को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधीक्षण अभियंता राम नरेश ने बताया कि गर्मी बढ़ने के कारण ओवरलोड चल रहे ट्रांसफार्मरों को बदला जाएगा। जर्जर लाइन व अन्य उपकरणों को भी बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।