गोंडा। डॉक्टर व पुलिस के आपसी समन्वय से पीड़ितों को कम समय में न्याय दिलाने के लिए मेगा कार्यशाला का आयोजन रविवार को शहर के टाउनहॉल में होगा। इस दौरान मेडिकोलीगल के स्टेट विशेषज्ञ डॉ. जी खान 153 डॉक्टरों व पुलिसकर्मियों को मेडिको लीगल की बारीकियां बताएंगे। पुलिसकर्मियों को चिकित्सा ज्ञान व डॉक्टरों को कानूनी जानकारी देने के लिए अलग से सत्र आयोजित होंगे। जिले में पहली बार इस तरह से मेगा कार्यशाला का आयोजन होगा। इसमें न्यायिक अधिकारी व कानूनविद भी भाग लेंगे।
सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि इस प्रकार के कार्यशाला से पुलिस व डॉक्टर दोनों को एक-दूसरे के विभाग की जानकारी मिलेगी। विभिन्न अस्पतालों में मेडिकोलीगल करने वाले 53 डॉक्टर, छह क्षेत्राधिकारी, 17 अतिरिक्त निरीक्षक, चार महिला निरीक्षक, पांच अपराध शाखा के निरीक्षक, 17 बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, 34 विवेचक तथा 17 महिला अधिकारी कार्यशाला में सम्मलित होंगे। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, अभियोजन अधिकारी भी लोगों को कानूनी राय देंगे। कार्यक्रम सुबह दस बजे से लेकर शाम चार बजे तक आयोजित होगा।
जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. शालू महेश ने बताया कि कार्यशाला में सभी डॉक्टरों को अनिवार्य रूप से भाग लेने का निर्देश दिया गया है। किसी भी डॉक्टर को अवकाश लेने की अनुमति नहीं होगी। इमरजेंसी व ओटी के चिकित्सक भी शिफ्टवार कार्यशाला में भाग लेंगे।