गोंडा। जिले में निर्माणाधीन 27 सड़क कार्यों को पूरा कराने के लिए शासन ने राज्य सड़क निधि से 1.48 करोड़ रुपये अवमुक्त किए हैं। इससे जर्जर सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। वहीं, बहराइच के एक सड़क कार्य के लिए 62.35 लाख रुपये जारी किए गए हैं। गोंडा में बेलसर-उमरी बेगमगंज मार्ग के नवीनीकरण के लिए 71.83 लाख रुपये अवशेष धनराशि के रूप में जारी किए गए हैं। कटरा चौरी मार्ग की विशेष मरम्मत के लिए 11.58 लाख, बहराइच मार्ग से तिवारीपुरवा पूरे पाठक होते हुए डीहा संपर्क मार्ग के लिए 6.47 लाख और सेमरीचंदापुर-खरथरी संपर्क मार्ग के लिए 5.21 लाख रुपये मिले हैं। बहराइच के कांधभारी संपर्क मार्ग के लिए 62.35 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं। अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। कार्य जल्द पूरा होने से राहगीरों को राहत मिलेगी। (संवाद)