अचानक लगी आग, धू धूकर जली कार
उमरी बेगमगंज(गोंडा)। क्षेत्र के बरौली बाजार में मस्जिद के सामने खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार गुरुवार की दोपहर अचानक धू-धू कर जलने लगी आग लगते ही बाजार में अफरातफरी मच गई। बड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी कार जलकर खाक हो चुकी थी। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बरौली के मजरा टेढ़वा में निर्मल के यहां वर-इच्छा कार्यक्रम था। जिसमें बालपुर से उनके एक रिश्तेदार भी अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से आए हुए थे। बरौली बाजार में मस्जिद के सामने अपनी कार खड़ी करके वह कुछ सामान खरीदने के लिए निकले ही थे तभी अचानक कार में आग लग गई और देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी और कुछ ही देर में पूरी कार जलकर राख हो गई। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।