गोंडा। जिला पंचायत की शुक्रवार को आयोजित बैठक में 138 करोड़ से अधिक की विकास की योजनाओं को मंजूरी मिल गई। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने कहा कि नए वित्तीय वर्ष में बड़े स्तर पर विकास कार्य होंगे। बैठक में सीडीओ एम. अरुन्मोली ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
जिला पंचायत की बैठक में वर्ष 2022-2023 के पुनरीक्षित बजट से 87 करोड़ 39 लाख 63 हजार 364 रुपये और वित्तीय वर्ष 2023-2024 के मूल बजट से 50 करोड़ 89 लाख 90 हजार 850 की विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई। पंचम राज्य वित्त आयोग योजना से वित्तीय वर्ष 2023-2024 के लिए परिसंपत्ति एवं रखरखाव, अनुरक्षण एवं नवनिर्माण के लिए 20 करोड़ 60 लाख 28 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई।
15वें वित्त आयोग योजना से वित्तीय वर्ष 2023-2024 के लिए नाला, अमृत सरोवर, शौचालय के लिए 15 करोड़ 54 लाख 93 हजार 800 के साथ ही संपर्क मार्गों के लिए 10 करोड़ 36 लाख 64 हजार की कार्ययोजना स्वीकृत की गई। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2023-2024 की ग्राम पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत की समेकित विकास योजना भी अनुमोदित की गई।
वित्तीय वर्ष 2023-2024 में मनरेगा योजना के लिए 65 लाख 36 हजार 455 मानव दिवस व 23 करोड़ 20 लाख 40 हजार 418 के श्रम बजट को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह, कटरा बाजार विधायक बावन सिंह, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, जिला पंचायत सदस्य अमरीश दत्त सिंह, महेंद्र सिंह, अनवर शकील, चंद्रप्रकाश सिंह, मनोज शुक्ल, अर्चना सिंह, रीतू पासवान, अंकिता सिंह, अनामिका सिंह, इंद्रावती, मालती देवी, ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।