दुर्घटना में एक की मौत, तीन घायल
वजीरगंज(ब्यूरो)। गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर दो सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के काजीदेवर निवासी कृष्णावती, जो कि नगवा एएनएम सेंटर में नियुक्त है। गुरुवार सुबह अपने बेटे के साथ बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आ रही थी। अचलपुर स्थित पेट्रोल पम्प के पास वनरोज से टकरा गई जिसमे मां बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें गोंडा जिला चिकित्सालय ले जाया गया। हालात नाजुक देखते हुए दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में बेटे प्रशांत (22) की मौत हो गई जबकि मां का इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चल रहा हैं। दूसरी घटना स्थानीय कोल्ड स्टोर के पास की हैं। जहां बोलेरो ने बाइक सवार को पीछे से ठोकर मार दी। बाइक की चपेट में एक साइकिल सवार भी आ गया जिससे दोनों घायल हो गये। घायलों को पहले सीएचसी वजीरगंज लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बाइक सवार राजेश(21) निवासी पूरेदत्त तरबगंज व साइकिल सवार जियाराम (42) निवासी भगोहर को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बोलेरो चालक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया।