बलरामपुर। जिले के 67 केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से कड़ी चौकसी के बीच शुरू हुईं। प्रथम पाली में हाईस्कूल के प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा में 1231 परीक्षार्थी और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के हिंदी व सामान्य हिंदी की परीक्षा में 850 ने परीक्षा छोड़ दी। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
जिले में तीन राजकीय, 18 सहायता प्राप्त व 46 वित्तविहीन कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। पहले दिन प्रथम पाली के हाईस्कूल हिंदी प्रश्न पत्र में कुल 20325 छात्र पंजीकृत थे। संस्थागत 19101 छात्र उपस्थित रहे जबकि 1224 छात्र अनुपस्थित। व्यक्तिगत में पंजीकृत 52 छात्रों के सापेक्ष 45 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के हिंदी व सामान्य हिंदी की परीक्षा में पंजीकृत 12 हजार 728 छात्रों में से 11 हजार 878 ने परीक्षा दी। 850 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी। गेट पर सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थी अंदर प्रवेश कर सके। परीक्षा केंद्र के आसपास फोटो स्टेट की दुकानों को पुलिस ने बंद करवा दिया था। पुलिस टीम समेत संबंधित विभागीय अधिकारी भ्रमण करते नजर आए।
लगातार करें केंद्रों की मॉनीटरिंग
डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने एमपीपी इंटर कॉलेज व बीएवी इंटर कॉलेज का जायजा लिया व व्यवस्था परखी। कंट्रोल रूम का जायजा लिया। डीएम ने सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से हर केंद्र की लगातार माॅनीटरिंग करने को कहा। संयुक्त शिक्षा निदेशक आनंदकर व पर्यवेक्षक उदयभान के अतिरिक्त पांच सचल दल, तीन जोनल व नौ सेक्टर मजिस्ट्रेटों की टीम परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करती दिखीं।
शांतिपूर्ण माहौल में हुई परीक्षा
डीआईओएस गोविंद राम ने बताया कि कड़ी चौकसी के बीच परीक्षा शुरू हुई। कहीं से भी किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई। हर केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में कराई गई। दल के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया।
दूर हुआ मन का भ्रम
बोर्ड परीक्षा को लेकर बड़ा डर था लेकिन, पेपर देकर मन का भ्रम दूर हुआ। हमने सुबह दो घंटे व शाम को तीन घंटे तैयारी की थी, पेपर अच्छा हुआ।
- सुजीत श्रीवास्तव, 10वीं
आसान था पेपर
पहली बार हमने बोर्ड की परीक्षा दी है। पेपर आसान था। हमने सभी प्रश्न हल किए हैं। 12 से 13 घंटे तक प्रतिदिन पढ़ाई की, जिससे यह संभव हो सका।
- किंजल श्रीवास्तव, 10वीं
आत्मविश्वास जरूरी
यूपी बोर्ड की परीक्षा को लेकर मन में कई सारे सवाल थे। परीक्षा को लेकर आठ घंटे की तैयारी की थी। परीक्षा देकर यह महसूस किया कि आत्मविश्वास आवश्यक है।
- श्रिया दूबे, 10वीं
रात भर सो नहीं पाई
डर के कारण हम रात भर सो नहीं पाए। पेपर काफी आसान था। सारे सवाल हल कर लिए। बहुत अच्छ लगा। अब मन का डर दूर हो गया है।
- साक्षी पांडेय, 10 वीं की छात्रा