गोंडा। लोक निर्माण विभाग ने गोंडा व बलरामपुर की 12 सड़कों के चौड़ीकरण के लिए चार करोड़ 95 लाख रुपये के बजट की स्वीकृति दी है। इन सड़कों का निर्माण शुरू कराने के लिए प्रथम किस्त में दो करोड़ 59 लाख 56 हजार रुपये विभाग को मिले हैं। गोंडा में तीन सड़कों के लिए एक करोड़ 18 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। इनमें से 55 लाख 71 हजार रुपये की पहली किस्त प्राप्त हुई है। बलरामपुर में नौ सड़कों के चौड़ीकरण पर तीन करोड़ 77 लाख 61 हजार रुपये खर्च होंगे। इसके लिए दो करोड़ तीन लाख 85 हजार रुपये की पहली किस्त मिली है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि इन सड़कों के चौड़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्र के 10 लाख लोगों की राह आसान होगी। (संवाद)