गोंडा। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में तालाब की जमीन कब्जा कर किए गए पक्का निर्माण पर बुधवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। 12 पक्के मकान जमींदोज किए गए हैं।
इस दौरान पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ ही नगर मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर समेत नगर पालिका के जिम्मेदार मौके पर डटे रहे हैं। वहीं पूरा दिन बुलडोजर की कार्रवाई की गई है।
अयोध्या रोड के इमामबाड़ा के पास तालाब की जमीन पर मकान बनाने की पुष्टि हुई थी। शिकायत के बाद डीएम नेहा शर्मा के आदेश पर जांच कराई गई।
राजस्व टीम ने जमीन तालाब के तौर पर चिह्नित की। करीब एक महीने पहले नगर पालिका परिषद ने खाली करने के लिए नोटिस जारी किया, लेकिन कब्जेदारों ने गंभीरता से नहीं लिया। बुधवार को कार्रवाई के दौरान मौके पर खुद सिटी मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर व एसडीएम सदर सुशील कुमार सुबह से ही डटे रहे।
ईओ नगर पालिका संजय मिश्र ने बताया कि गुरु तालाब की जमीन पर मकान व दुकान बना लिए गए थे। जिसे ध्वस्त कराया गया है। साथ ही तालाब की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। कुल 460 वर्गमीटर जमीन से कब्जा हटवाया गया है।
अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई जमीन
नगर पालिका अधिकारियों के मुताबिक, नवाब, कलीम, अब्दुल हमीद, शबूर, अब्दुल, अब्दुल हमीद, सगीर अहमद, नियाज अहमद, खालिक, गोला, शब्बीर और अजीज ने तालाब की जमीन पर कब्जा कर रखा था।
अयोध्या-कटरा मार्ग से हटा अतिक्रमण
नवाबगंज (गोंडा)। अयोध्या-कटरा मार्ग पर स्थित दुर्गागंज माझा गांव के सामने वर्षों से अतिक्रमण कर जीवन यापन कर रहे तीन लोगों का छप्पर बुधवार को हटा दिया गया। पीडब्ल्यूडी के लोग सुबह बुलडोजर लेकर पहुंचे। बताया गया कि पूर्व में ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया गया था। बुलडोजर से मालती देवी पत्नी बांकेलाल, राजकरन व महावीर का छप्पर उजाड़ दिया गया। (संवाद)