पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई थी पति की हत्या
पुलिस के हत्थे चढ़ी आरोपी पत्नी व उसका प्रेमी
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। बगधरवा सतिया गांव के रहने वाले राजू वर्मा की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर की थी। इसका खुलासा पुलिस ने आरोपी पत्नी व उसके पे्रमी को गिरफ्तार कर किया है। कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के बगधरवा सतिया गांव के रहने वाले राजू वर्मा का शव टिकरी जंगल में 04 अगस्त को पड़ा मिला था। कोतवाल मनकापुर दद्दन सिंह ने तफ्तीश आगे बढ़ाई तो पता चला कि राजू की पत्नी का गांव के एक व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा है। एसपी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि पड़ता में पता चला कि राजू की पत्नी शीला देवी का काफी दिनों से इसी गांव के रहने वाले विजय प्रताप वर्मा से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसको लेकर राजू का विजय से कई बार झगड़ा भी हो चुका है। राजू अपनी पत्नी को कई बार मारपीट भी चुका था। इसकी पुख्ता जानकारी होने पर शीला देवी से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और उसने बताया कि विजय के साथ मिलकर उसने पति को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और साजिशन उसने राजू से टिकरी जंगल से लकड़ी लाने के लिए कहा। इसके बाद वह अपने पति के साथ 03 अगस्त की रात को टिकरी जंगल गई। वहां पहले से मौजूद विजय के साथ मिलकर उसने अपने पति का दोनों हाथ रस्सी से बांध दिया। इसके बाद रस्सी से ही गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पास के गन्ने के खेत में फेंक दिया। एसपी ने बताया कि शीला देवी व विजय प्रताप को गिरफ्तार कर लिया गया है।